धनबाद : स्नातक के बाद पीजी करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर। धनबाद के पीके राय कॉलेज में इस साल फिर से पीजी की पढ़ाई शुरू हो सकती है। पीके राय कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू हो जाने से छात्र छात्राओं को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के साथ-साथ इस कॉलेज से भी पीजी करने का अवसर मिल सकेगा।कॉलेज प्रशासन में 2021 सत्र से ही कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने का प्रयास किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पर सहमति भी दे दी थी। बाद में विश्वविद्यालय के एडमिशन सेल की ओर से कहा गया कि काफी विलंब हो चुका है। अब अगर पीजी में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हुई तो सत्र लेट हो जाएगा। इस वजह से 2021 में पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी। पर कॉलेज अब इस साल से पीजी की सभी विषयों की पढ़ाई शुरू करने की योजना बना रहा है।
पहले भी होती थी सभी विषयों की पीजी में पढ़ाई
पीके राय कॉलेज में पीजी के सभी विषयों की पढ़ाई पहले भी होती थी। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद कॉलेज से पीजी की पढ़ाई बंद हो गई। अब विश्वविद्यालय का भेलाटांड़ में नया भवन बनकर लगभग तैयार हो चुका है। अगले महीने से शिफ्टिंग भी शुरू हो जाएगी। अभी विश्वविद्यालय के पीजी विभाग के ज्यादातर विषयों की पढ़ाई पीके रॉय कॉलेज में ही हो रही है। नए भवन में शिफ्टिंग के साथ ही पीके रॉय कॉलेज में एक बार फिर पीजी के सभी विभाग संचालित हो सकेंगे।
बीबीएमकेयू से मिल चुकी सैद्धांतिक सहमति
पीके राय कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर पिछले साल ही सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। कॉलेज प्राचार्य डॉ बीके सिन्हा ने कहा कि कॉलेज में पीजी के लिए जरूरी आधारभूत संरचना उपलब्ध है। विश्वविद्यालय की अनुमति मिलते ही उसे रिस्टोर कर दिया जाएगा। पूरी कोशिश होगी इस वर्ष से कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू कर दी जाए।




