न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को ईडी ने भेजा समन, करेगी पूछताछ

Super Admin - 11/7/2022 2:29:26 PM -

Ranchi : राजधानी रांची के बरियातू स्थित सेना की जमीन की खरीद-बिक्री मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच कर रही है. इस मामले में ईडी ने न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल को समन भेजा है. ईडी ने समन भेजकर आठ नवंबर को एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी ऑफिस बुलाया है, जहां उनसे पूछताछ की जायेगी.

सेना की जमीन पर अपार्टमेंट और एक बैंक्वेट हॉल बनाने की थी योजना
सेना जमीन मामले में  पिछले दिनों ईडी ने कोलकाता के कारोबारी अमित अग्रवाल, न्यूक्लियस मॉल के मालि विष्णु अग्रवाल, दो सब रजिस्ट्रार बैभव मणि त्रिपाठी और घासी राम पिंगुआ के अलावा विक्रेता प्रदीप बागची के कुल 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस मामले में बिल्डर और व्यवसायी विष्णु अग्रवाल के कनेक्शन की जांच चल रही है. यह व्यापक रूप से माना जा रहा है कि विष्णु अग्रवाल और अमित अग्रवाल ने यहां अपार्टमेंट और एक बैंक्वेट हॉल बनाने की योजना बनाई थी.

विवादित भूमि को खरीद बिक्री करने का एक पुराना इतिहास है
विष्णु अग्रवाल मूल रूप से बंगाल के झालदा के निवासी हैं, इनका विवादित भूमि को खरीद बिक्री करने का एक पुराना इतिहास है. फरवरी 2018 में उन्होंने महुआ मित्रा और संजय कुमार घोष से 3.75 एकड़ जमीन खरीदी और 24.37 करोड़ रुपये का भुगतान किया. यह जमीन सिरमटोली चौक पर स्थित एक प्रमुख भूमि है और यह भूमि सेना के कब्जे में है. इसी तरह उन्होंने कुगरू में 9.3 एकड़ खासमहल जमीन खरीदी थी. जमीन के दस्तावेज जाली थे और जांच के आदेश दिए गए थे.

Leave Your Comment